February 4, 2026

मीना जैन मेमोरियल कप सीजन-1 का भव्य समापन, क्रिकेट रोमांच से गूंजा


कोरबा। मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल के तत्वावधान में आयोजित मीना जैन मेमोरियल कप सीजन 1 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि इसमें इंटर स्कूल और ओपन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का एक साथ आयोजन किया गया, जो कोरबा के इतिहास में पहली बार हुआ और चारों ओर चर्चा का विषय बना रहा। जिले के क्रिकेट प्रेमियों ने इस अनूठे आयोजन की जमकर सराहना की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और इस तरह की प्रतियोगिताओं को और अधिक प्रोत्साहन मिलना चाहिए। इंटर स्कूल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर के खिलाड़ियों के लिए इस तरह का जिला स्तरीय टूर्नामेंट पहली बार आयोजित किया गया है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने आयोजनकर्ता शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रिंस जैन को खेल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए बधाई दी।
इंटर स्कूल टूर्नामेंट का आयोजन 2 से 5 जनवरी तक किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। फाइनल में सरस्वती शिशु मंदिर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि न्यू एरा पब्लिक स्कूल उपविजेता रही। इसके बाद 6 से 10 जनवरी तक आयोजित ओपन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की नामी टीमों ने भी हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में शेरा-11 ने विजेता का खिताब जीता, जबकि कोरबा धुरंधर उपविजेता रही। विजेता टीम को 1 लाख एवं उपविजेता टीम को 50 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली बालको प्रीमियम टीम को 11 हजार का नगद पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट की एक और विशेषता यह रही कि सभी मुकाबले बड़े स्तर के क्रिकेट आयोजनों की तर्ज पर कराए गए। पूरे आयोजन के दौरान शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, खेलप्रेमियों और दर्शकों की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, दर्शकों, प्रायोजकों, मीडिया एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word