पुत्री ने की पिता की धारदार हथियार से हत्या, गांव में सनसनी

हरदीबाजार। थाना अंतर्गत ग्राम रलिया से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पुत्री ने ही अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान अशोक कुमार केवट, पिता फिरत राम केवट उम्र 50 वर्ष, निवासी लिममुंडा, ग्राम रलिया के रूप में हुई है। वहीं हत्या की आरोपी उसकी पुत्री गीता केवट (27 वर्ष) बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक कुमार केवट की तीन पुत्रियां हैं, जो अपनी माता के साथ कोरबा में निवास करती थीं। इनमें से दो बेटियां निजी कंपनियों में कार्यरत हैं, जबकि एक बेटी अध्ययनरत है। किसी पारिवारिक कार्य के सिलसिले में गीता केवट अपने पिता के पास ग्राम रलिया आई हुई थी। सोमवार की देर रात लगभग 11 बजे पिता और पुत्री के बीच किसी बात को लेकर वाद-विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे उग्र होता चला गया। इसी दौरान गुस्से में आकर पुत्री गीता केवट ने धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया। आरोपी ने अशोक कुमार केवट के मुंह से लेकर गर्दन तक गंभीर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अशोक कुमार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर आरोपी गीता केवट को हिरासत में ले लिया तथा हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस विषय को लेकर हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

हरदीबाजार पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।