धान उपार्जन केंद्र में घुसा दंतैल हाथी, मंडी प्रभारी की मौत; पत्नी व कर्मचारी बाल-बाल बचे

कोरबा। जिले के हाथी प्रभावित क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथी ने जान ले ली। कुदमुरा स्थित धान उपार्जन केंद्र में दरम्यानी रात एक दंतैल हाथी के हमले में मंडी प्रभारी की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो-तीन अन्य कर्मचारी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार आदिवासी सेवा सहकारी समिति कोरकोमा का धान उपार्जन केंद्र ग्राम कुदमुरा में संचालित है। यहां किसानों से खरीदे गए धान की बड़ी मात्रा उठाव के अभाव में पड़ी हुई है। क्षेत्र हाथी प्रभावित होने के बावजूद धान की सुरक्षा के लिए केंद्र में अस्थायी व्यवस्था कर कर्मचारियों को रात में रुकना पड़ रहा था।
बताया जा रहा है कि प्रेमनगर रजगामार निवासी राजेश कुमार सिंह को उपार्जन केंद्र कुदमुरा का मंडी प्रभारी नियुक्त किया गया था। धान की सुरक्षा की जिम्मेदारी के चलते वह अपनी पत्नी और दो-तीन अन्य कर्मचारियों के साथ उपार्जन केंद्र परिसर में अस्थायी झोपड़ी बनाकर रात में वहीं रुक रहा था।

मंगलवार-बुधवार की रात करीब 2 बजे एक दंतैल हाथी उपार्जन केंद्र परिसर में पहुंच गया। हाथी की आहट मिलने पर टॉर्च की रोशनी और शोर मचाकर उसे भगाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसी दौरान हाथी ने राजेश कुमार पर हमला कर दिया। हाथी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान उपार्जन केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। राजेश की पत्नी और अन्य कर्मचारी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं सूचना मिलने पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताओं में जुट गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

