March 19, 2026

58वीं बार रक्तदान कर लोक अभियोजक राजेंद्र साहू ने पेश की मिसाल, नवरात्रि के प्रथम दिन किया रक्तदान

कोरबा। मानव सेवा के प्रति समर्पण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लोक अभियोजक राजेंद्र साहू ने चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस 58वीं बार रक्तदान किया। श्री साहू हर वर्ष चैत्र एवं शारदीय नवरात्रि में नियमित रूप से रक्तदान करते हैं और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहते हैं।
राजेंद्र साहू वर्ष 1990 से रक्तदान कर रहे हैं। वर्ष 1990 से 2003 तक वे वर्ष में एक बार रक्तदान करते रहे, जबकि वर्ष 2004 से अब तक वे हर वर्ष दो बार रक्तदान कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक शरीर साथ देगा, वे मानव हित में रक्तदान करते रहेंगे।

श्री साहू द्वारा कोरबा जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों के साथ-साथ बिलासपुर और रायपुर के ब्लड बैंक में भी जरूरत के अनुसार रक्तदान किया जाता रहा है। वे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों, महिलाओं, बच्चों तथा सिकल सेल बीमारी से पीड़ित मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान करते हैं।
समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर समाज रत्न सम्मान एवं जनजागरण संबंधी लेखन के लिए निराला स्मृति सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा जिला स्तर पर रक्तवीर सम्मान सहित कई सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया है। पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, कैबिनेट मंत्री लखन देवांगन तथा कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल द्वारा भी समय-समय पर श्री साहू को समाज सेवा के लिए सम्मानित किया जा चुका है। श्री साहू ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है, इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word