सड़क किनारे ठेला-गुमटी को लेकर विवाद, प्रशासन के निर्देश बेअसर

छुरीकला। नगर में मुख्य सड़क चौड़ीकरण के बाद हटाए गए गुमटी और ठेला संचालक फिर से सड़क किनारे दुकान लगाने लगे हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और आपसी विवाद भी बढ़ रहे हैं। नगर पंचायत द्वारा पूर्व में मुनादी कर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सड़क किनारे दुकान लगाना प्रतिबंधित है और उल्लंघन पर जुर्माना व सामान जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद कई दुकानदार नियमों को नजरअंदाज कर बेखौफ सड़क पर कब्जा जमाने लगे हैं। स्थिति यह है कि सड़क किनारे दुकान लगाने को लेकर दुकानदारों के बीच झगड़े भी सामने आ रहे हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।