सुशासन तिहार में बुजुर्ग दादा की गुहार, नाती-नातिन की निशुल्क शिक्षा की मांग

कोरबा। इंदिरा स्टेडियम परिवहन नगर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में सोमवार को एक भावुक दृश्य देखने को मिला। वार्ड क्रमांक 19 पथरीपारा निवासी जीवराखन विश्वकर्मा अपने 8 वर्षीय नाती उमाशंकर विश्वकर्मा और 7 वर्षीय नातिन सृष्टि विश्वकर्मा को लेकर शिविर पहुंचे और शासन से दोनों बच्चों की निशुल्क शिक्षा की मांग की।
जीवराखन विश्वकर्मा ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले उनके पुत्र का निधन हो गया था, जबकि एक सप्ताह पूर्व बच्चों की मां की भी मौत हो गई। अब दोनों बच्चों की जिम्मेदारी पूरी तरह उन पर आ गई है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में असमर्थ हैं।
बुजुर्ग की पीड़ा सुनकर शिविर में मौजूद लोग भावुक हो गए। इस दौरान छत्तीसगढ़ शासन के श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने आवेदन प्राप्त कर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और शासन स्तर पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word