निगम में छह अधिकारियों-कर्मचारियों के दायित्व बदले, राजस्व व संपदा शाखाओं में बढ़ाई गई जिम्मेदारी

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से छह अधिकारियों-कर्मचारियों के दायित्वों में फेरबदल किया गया है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने सितंबर माह की शुरुआत में कार्यालयीन आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार सहायक राजस्व अधिकारी एवं उप जोन प्रभारी कोसाबाड़ी जोन सुमीत गुप्ता को कोसाबाड़ी जोन के उप जोन प्रभारी के दायित्व से मुक्त करते हुए राजस्व एवं जलकर शाखा का सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे राजस्व एवं जलकर शाखा के नोडल अधिकारी नीरज कौशिक, उपायुक्त के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे।
इसी प्रकार कार्यालय अधीक्षक श्रीराम सिंह नेताम को कैश शाखा के दायित्व से मुक्त कर संपत्तिकर शाखा का सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। वे नोडल अधिकारी नीरज कौशिक के मार्गदर्शन में शाखा से संबंधित कार्यों का संपादन करेंगे।
वहीं राजस्व निरीक्षक एवं उप जोन प्रभारी अविनाश जायसवाल को पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन के उप जोन प्रभारी पद से मुक्त करते हुए कोसाबाड़ी जोन का उप जोन प्रभारी नियुक्त किया गया है। राजस्व उप निरीक्षक उत्तम राठौर को कोरबा जोन के दायित्व से मुक्त कर पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन के उप जोन प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश के तहत राजस्व उप निरीक्षक भावेश यादव को संपदा शाखा का सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे संपदा शाखा के नोडल अधिकारी नीरज कौशिक के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे। इसके अलावा सहायक राजस्व निरीक्षक राम मेहतो को संपदा (कॉम्प्लेक्स/दुकान) शाखा में पदस्थ किया गया है।
निगम प्रशासन का यह फेरबदल राजस्व, जलकर, संपत्तिकर और संपदा शाखाओं के साथ-साथ विभिन्न जोन में कार्यों के बेहतर संचालन और जिम्मेदारियों के स्पष्ट विभाजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश की प्रतिलिपि विभाग के सभी संबंधित उच्च अधिकारियों को भी आवश्यक जानकारी एवं कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दी गई है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word