धूल के गुबार और गड्ढों से बेहाल हरदीबाजार की सड़कें

विनोद उपाध्याय

0 त्योहारी सीजन में बढ़ेगा आवागमन, सड़क की बदहाली से हादसे का खतरा, नियमित पानी छिड़काव की उठी मांग

हरदीबाजार। बारिश का मौसम खत्म होते ही हरदीबाजार क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर धूल की समस्या एक बार फिर गंभीर होने लगी है। बजरंग चौक, कॉलेज चौक, अंबेडकर चौक, भाटापारा से उतरदा मार्ग सहित आसपास की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इन सड़कों से दिनभर वाहनों की आवाजाही होने के कारण धूल के गुबार उड़ रहे हैं, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और सड़क किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
आगामी दिनों में नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार हैं। त्योहारों के दौरान बाजार में लोगों और वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की अपेक्षा बढ़ जाती है। ऐसे में जर्जर सड़कों और उड़ती धूल के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। धूल के चलते सामने से आने वाले वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देने से वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। वहीं गड्ढों से बचने के प्रयास में अचानक दिशा बदलने से टक्कर का खतरा भी बना रहता है।


कॉलेज चौक-अंबेडकर चौक मार्ग की हालत खराब
कॉलेज चौक से अंबेडकर चौक के बीच सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सड़क पर कई स्थानों पर बड़े गड्ढे हो गए हैं। क्षेत्र से ट्रैक्टर, हाईवा सहित भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होने के कारण सड़क की स्थिति और बिगड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की नियमित मरम्मत और रखरखाव नहीं होने से समस्या बढ़ती जा रही है।


पिछले साल पानी छिड़काव से मिली थी राहत
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले वर्ष ग्राम पंचायत की ओर से एसईसीएल दीपका प्रबंधन से सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की गई थी। इसके बाद कुछ समय तक पानी का छिड़काव होने से धूल की समस्या से काफी राहत मिली थी। बारिश समाप्त होने के बाद अब फिर वही स्थिति बन गई है। लोगों ने मांग की है कि त्योहारों को देखते हुए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए और गड्ढों की मरम्मत कर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word