तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर किया प्रदर्शन, वार्डों में सफाई व्यवस्था ठप

0 कांग्रेस पार्षद दल ने सौंपा ज्ञापन, ठेकेदार के कार्यों की जांच और बकाया भुगतान की मांग
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के रविशंकर नगर जोन अंतर्गत वार्डों में ठेका श्रमिक सफाई कर्मचारियों ने करीब तीन माह से वेतन नहीं मिलने और वर्षों से पीएफ जमा नहीं होने के विरोध में शुक्रवार को काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों के अचानक काम बंद करने से वार्डों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है और जगह-जगह कचरे का ढेर लगने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस पार्षद दल के सदस्यों ने रविशंकर नगर पहुंचकर हड़ताली कर्मचारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। कर्मचारियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा पिछले करीब तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं, कई कर्मचारियों का लंबे समय से पीएफ भी जमा नहीं कराया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी व्याप्त है। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर वेतन नहीं मिलने से उनकी आर्थिक परेशानियां भी बढ़ गई हैं।
इस संबंध में कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सफाई कर्मचारियों का बकाया वेतन तत्काल भुगतान कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित ठेकेदार द्वारा किए जा रहे सभी कार्यों की जांच कराने तथा अनियमितता और लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
पार्षद दल ने कहा कि ठेकेदार की बार-बार की लापरवाही का खामियाजा सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी भुगतना पड़ रहा है। निगम प्रशासन को मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को राहत दिलाने और वार्डों की सफाई व्यवस्था सुचारू कराने की जरूरत है।