October 5, 2024

शहर की सड़कों पर कोरोना बिखेर रही हैं- नगर निगम की कचरा गाड़ियां, चेम्बर अध्यक्ष ने की तिरपाल लगाकर कचरा परिवहन की मांग

कोरबा 1 अक्टूबर। नगर पालिक निगम की कचरा परिवहन करने वाले वाहन शहर की सड़कों पर कोरोना बिखेरते दौड़ रहे हैं। मुख्य मार्ग पर जगह- जगह इन वाहनों से कुड़ा करकट गिर रहे हैं। जिला चेम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल ने तिरपाल लगाकर कचरा परिवहन करने की मांग नगर निगम आयुक्त से की है।

नगर पालिक निगम कोरबा की ओर से शहर की साफ- सफाई कराने के बाद एकत्रित कूड़ा -करकट को ट्रैक्टर के माध्यम से शहर से बाहर ले जाकर डम्प किया जाता है। ये ट्रैक्टर ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों से ट्राली में कचरा भरकर शहर के मुख्य मार्ग से गुजरते हैं। ट्राली को तिरपाल से ढंक कर कचरा परिवहन करने का नियम है। ताकि कोई प्रदूषण नहीं फैले। लेकिन नगर निगम के एक भी ट्रैक्टर की ट्राली में तिरपाल नहीं लगाया जाता। परिणाम स्वरूप तेज गति से चलते ट्रैक्टर की ट्राली से मुख्य मार्ग में स्थान- स्थान पर कचरा गिरता जाता है, जो अगले दिन तक सड़क पर बिखरा रहता है।


नगर निगम स्वच्छ भारत मिशन पर प्रतिमाह लाखों रूपये व्यय कर रहा है। हाल में ही स्वच्छ शहर की रेंटिंग में दावा करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावे यह समय कोरोना आपदा का है। इसके बाद भी कचरा परिवहन में घोर लापरवाही बरती जा रहा है। जिला चेम्बर ऑफ कामर्स कोरबा के अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल ने नगर निगम आयुक्त एस.जयवर्धन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। उन्होंने कचरा परिवहन करते समय ट्रैक्टर की ट्राली में तिरपाल लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Spread the word