February 26, 2026

महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूटा

कोरबा 16 अक्टूबर। घर के बाहर तफरीह कर रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चैन झपट कर फरार हो गए। दिन दहाड़े हुए इस घटना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दशहरा के दिन पुलिस की विशेष चाक चौबंद व्यवस्था रहती है, इस पर सेंधमारी करते हुए बदमाशों ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।

यह घटना रामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले राजेंद्र प्रसाद नगर फेस टू कालोनी में हुई। बताया जा रहा कि दुलौरीन बाई अपने घर के पास शुक्रवार की सुबह टहल रही थी। इस बीच बाइक सवार दो युवकों ने पता पूछने के बहाने उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने का चेन लूटे और फरार हो गए। उसने शोरमचाया, पर देखते ही देखते आरोपित आंखों से ओझल हो गए। इस घटना की सूचना रामपुर पुलिस चौकी की दी गई है। घटना की जांच पुलिस कर रही। माना जा रहा है कि दोनों बदमाश रेकी करने के बाद घटना को अंजाम दिए हैं।

लूट की शिकार हुई महिला ने बताया कि बाइक में पहुंचे दोनों बदमाश मास्क पहने हुए थे। बाइक रोक कर पहले पता पूछा और फिर आगे बढ़ गए। थोड़ी ही देर में आगे से वापस तेज रफ्तार से मुड़े और चेन झपट कर भाग निकले। बदमाश छत्तीसगढ़ी में बात कर रहे थे। महिला ने बताया कि बदमाश करीब दो तोले सोने का चेन लूट लिए हैं। उधर पुलिस का कहना है कि पीड़िता से जेवर के बिल मांगा गया है, उसके बाद मामला दर्ज किया जाएगा। वहीं महिला का कहना है कि चेन काफी पुराना है, इसलिए बिल मिल पाना मुश्किल है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word