February 26, 2026

सडक़ों का कर दिया बेडा गर्क, लखन ने लगाया आरोप कहा- शहर में और भी ठेकेदार

कोरबा। कोरबा की सडक़ों को कांग्रेस की नजर लग गई है। आखिर निगम ठेकेदार ने ऐसी कौन सी डामर से सडक़ निर्माण कराया है कि हर साल दो बार डामरीकरण करने की जरुरत पड़ रही है। तब भी सडक़ टिक नहीं पा रही है। शहर में हो रहे डामरीकरण पर भाजपा प्रत्याशी लखन लाल देवांगन ने कहा कि सडक़ डामरीकराण का काम निगम के सभापति श्यामसुंदर सोनी के पुत्र अभिनव सोनी द्वारा काम लिया गया। डीएमएफ फंड से 10 करोड़ की लागत से सडक़ का निर्माण हुआ। सडक़ की गारंटी तीन साल की थी। कोरबा की जनता खुद जानती है कि सडक़ पहले साल ही उखड़ गई थी। हर साल चार से पांच महीने बारिश में सडक़ में गड्ढे होते हैं। धूल से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब जब चुनाव सिर पर है और लोगों का जबरदस्त नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है इसलिए अब सडक़ डामरीकरण करने की जरुरत पड़ रही है। सबसे बड़ा सवाल उठता है कि तीन साल में छह बार सडक़ उखड़ी, आखिर निगम ने ठेकेदार पर कार्रवाई क्यों नहीं की। लखन लाल देवांगन ने कहा कि सडक़ का काम सभापति के बेटे और विधायक के करीबी के पार्टनरशिप में चल रहा है। लखन ने यह भी आरोप लगाया कि शहर में और भी ठेकेदार हैं, लेकिन हर बार ठेका विधायक के करीबी को ही कैसे मिलाता है।

ranjan photo
Admin

Spread the word