March 7, 2026

सड़क दुर्घटना में बाइक चालक की मौत

कोरबा। बीती रात एक सड़क हादसे में बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से बाइक चालक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार घटना बांकीमोंगरा थाना अंतर्गत की है। सिटी कोतवाली क्षेत्र के वार्ड-4 देवांगनपारा के आदिले मोहल्ला में रहने वाले व एसईसीएल मानिकपुर परियोजना में कार्यरत आनंद खाण्डे का युवा पुत्र जशवंत खांडे (22) मोटरसाइकिल से किसी कार्यवश बांकीमोंगरा गया हुआ था। पुलिस के बताए अनुसार रास्ते में वह खुद बाइक से गिरकर हादसे का शिकार हो गया। उसे एसईसीएल की विभागीय अस्पताल बांकीमोंगरा में भर्ती कराया गया था, जहां गंभीर हालत में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान उपरांत सूचना परिजनों को दी गई। परिजन दौड़े-भागे अस्पताल पहुंचे। अस्पताली मेमो के आधार पर बांकीमोंगरा पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई व पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द किया। जशवंत अपने पीछे माता-पिता, भाई-बहन सहित भरापूरा परिवार रोता-बिलखता छोड़ गया। इस दु:खद घटना से परिजनों व शुभचिंतकों सहित आदिले मोहल्ला में शोक व्याप्त है। गमगीन माहौल में जशवंत खांडे का अंतिम संस्कार स्थानीय मुक्तिधाम में किया गया।

ranjan photo
Admin

Spread the word