October 5, 2024

5100 दीयों से जगमगाएगा मां सर्वमंगला का दरबार

0 22 जनवरी को श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा पर मंदिर में विशेष कार्यक्रम होंगे

कोरबा। 22 जनवरी 2024 को भगवान श्रीराम के जन्मस्थल अयोध्या में जहां ऐतिहासिक आयोजन होगा वहीं दूसरी तरफ कोरबा जिले में भी भव्यतम तैयारियां की जा रही हैं। छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि दीगर प्रदेशों और विदेशों में बसे भारतीयों की अगाध आस्था के केन्द्र मां सर्वमंगला मंदिर में भी भव्य आयोजन होगा। मां सर्वमंगला देवी मंदिर, दुरपा के प्रबंधक एवं व्यवस्थापक नमन पाण्डेय (नन्हा) के मार्गदर्शन में तैयारियां अंतिम चरण पर है। नन्हा पाण्डेय ने बताया कि 22 जनवरी को मंदिर परिसर में सुबह से देर शाम तक विविध कार्यक्रम तय किए गए हैं। प्रात: 11 बजे छप्पन भोग का प्रसाद चढ़ाया जाएगा। 11:30 बजे श्रीराम जी की आरती होगी, दोपहर 12 बजे से श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति प्रारंभ होगी और अनवरत् चलता रहेगा। दोपहर 12:30 बजे भोग-प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 6 बजे 5100 दीयों की रौशनी से मां सर्वमंगला का दरबार जगमगाएगा और एक अलौकिक छटा बिखरेगी। देर शाम 8 बजे भव्य आतिशबाजी किया जाकर संपूर्ण आयोजन को विराम दिया जाएगा। नमन पाण्डेय ने नगर व जिला वासियों से इन अवसरों पर अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर आयोजन को भव्यता प्रदान करने एवं भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के क्षण को और ऐतिहासिक बनाने में सहभागी होने का आग्रह किया है।

Spread the word