महाराणा प्रताप नगर में नौ दिन रही भक्ति और गरबा की धूम

0 वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन, कन्या भोज के साथ महाष्टमी अनुष्ठान संपन्न

कोरबा। महाराणा प्रताप नगर दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में शारदीय नवरात्र के अवसर पर नौ दिवसीय मां दुर्गा पूजा उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे नौ दिनों तक पूजा पंडाल में धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रही। सुबह और शाम विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। वहीं, प्रतिदिन संध्या आरती के बाद आयोजित गरबा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भक्तिमय माहौल को और भी आकर्षक बना दिया। पूजा पंडाल में लगातार मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
नवरात्र के नौ दिनों तक समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रतिदिन संध्या पूजा-अर्चना और आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। उत्सव को व्यवस्थित और सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। पूजा की व्यवस्था से लेकर धार्मिक अनुष्ठानों और गरबा आयोजन तक समिति के सदस्य लगातार जुटे रहे। स्थानीय निवासियों ने भी आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

0 महाष्टमी पर हवन, कन्या भोज के साथ संपन्न हुआ अनुष्ठान

नवरात्र की महाष्टमी के अवसर पर सोमवार सुबह 10 बजे विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की आराधना की गई। इसके पश्चात आरती और हवन का आयोजन किया गया। लगभग दो घंटे तक चले हवन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। हवन के बाद कन्या भोज का आयोजन किया गया। धार्मिक परंपराओं के अनुसार कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। इसके साथ ही महाष्टमी के विशेष अनुष्ठान संपन्न हुए। समिति की ओर से आगे चलकर मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन भी किया जाएगा।

0 समिति के पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्था

महाराणा प्रताप नगर में श्रीश्री दुर्गा पूजा एवं दशहरा समिति का गठन सर्वसम्मति से किया गया था। समिति के अध्यक्ष राजेश शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश वैष्णव (पूर्व पार्षद), सचिव राम श्रीवास (अधिवक्ता), उपाध्यक्ष धर्मपाल सिंह तथा कोषाध्यक्ष जय प्रकाश हलवाई सहित अन्य सदस्य आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे। समिति के पदाधिकारियों ने पूरे नवरात्र श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ पूजा उत्सव को सफल बनाने में योगदान दिया।


हवन कार्यक्रम पंडित विद्यानंद पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न कराया गया। इस अवसर पर पंडित नितेश मिश्रा, पंडित आशीष मिश्रा, पंडित नंदकिशोर दुबे, पंडित विकास पांडे सहित अनेक पंडित उपस्थित रहे। नौ दिवसीय आयोजन के सफल समापन पर समिति के सदस्यों एवं स्थानीय निवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। आयोजन ने महाराणा प्रताप नगर में धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

0 रात 8 बजे भाजपा के वरिष्ठ नेता विकास महतो करेंगे रावण दहन

महाराणा प्रताप नगर दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समिति की ओर से मंगलवार की रात 8 बजे रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समिति ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। रावण दहन के अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता विकास महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे और उनके द्वारा रावण दहन किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम को लेकर कॉलोनीवासियों में उत्साह का माहौल है। समिति ने महाराणा प्रताप नगर सहित आसपास के नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word