February 27, 2026

फिल्टर प्लांट में चोरों का धावा, काट कर ले गए लाखों के केबल

0 चोरों की हरकत से कुसमुंडा क्षेत्र की कॉलोनियों में पानी सप्लाई ठप
कोरबा।
कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर पानी फिल्टर पानी प्लांट में बीते शनिवार की देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। लगभग 3 लाख रुपये के केबल काट कर ले गए। इससे क्षेत्र में पानी की आपूर्ति व्यवस्था ठप हो गई।
कुसमुंडा की कॉलोनियों में पानी सप्लाई हेतु विकास नगर में जलोपचार संयत्र स्थापित किया गया है, जहां नदी के पानी को फिल्टर कर कुसमुंडा क्षेत्र की कॉलोनियों में साफ पानी की सप्लाई की जाती है। इस व्यवस्था में दर्जनों विशाल मोटर व हजारों मीटर केबल की आवश्यकता पड़ती है। मोटर और केबल में तांबे के वायर लगे होते हैं, जिन पर चोरों की नजर होती है। बीते शनिवार की देर रात चोरों ने एक बार फिर प्लांट में धावा बोला और इन्हीं मोटर से जुड़े केबल को काट कर ले गए। प्लांट में कर्मचारी तैनात थे, हूटर बजने पर उन्होंने अपने ऊपर विभागीय कर्मचारियों को सूचना दी। आनन फानन में एक कर्मचारी प्लांट तक पंहुचा तब तक चोर लगभग 60 मीटर केबल काट कर भाग गए। सुबह एसईसीएल के अधिकारी मौके पर पंहुचे और फिर से पानी सप्लाई हेतु नए केबल कनेक्शन कर पानी सप्लाई शुरू करने की कवायद में जुट गए। प्रबंधन ने कुसमुंडा पुलिस को घटना की सूचना दी है। क्षेत्र के पार्षद अमरजीत सिंह भी कॉलोनियों में पानी सप्लाई बंद होने पर प्लांट पहुंचे और एसईसीएल के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जल्द से जल्द पानी सप्लाई शुरू करने सहयोग करते दिखे। उन्होंने पानी प्लांट में केबल चोरी को दुखद बताया। उनका कहना था कि पानी दैनिक दिनचर्या का अहम हिस्सा है। गर्मी के मौसम में पानी नहीं मिलने बड़ी परेशानी हो जाती है। चोरी के चलते सुबह से पानी सप्लाई बंद है। ऐसे में पीने अथवा नहाने के लिए पानी नहीं होना भी दुखद है। चोरी रोकने उन्होंने भी पुलिस से बात कर है हर संभव मदद की बात कही। पानी प्लांट में यह चोरी की पहली वारदात नहीं है। इससे पूर्व में चोरों ने इस प्लांट में इस तरह की चोरियां की है। पकड़ में नहीं आने से उनके हौसले बुलंद हैं। जिस तरह से प्लांट में बीते कुछ सालों में चोरियां हो रही है, एसईसीएल प्रबंधन को चाहिए की वे यहां त्रिपुरा स्टेट रायफल की तैनाती करे, जिससे चोरी को रोका जा सके।

ranjan photo
Admin

Spread the word