October 5, 2024

कापानवापारा मुख्य मार्ग के निकट पहुंचे हाथी, आवागमन रहा बाधित

कोरबा। जिले के कटघोरा व कोरबा वनमंडल में बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों को खतरा बढ़ गया है। गुरुवार सुबह 8 बजे के लगभग कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में मौजूद हाथियों का दल रेंज अंतर्गत कापानवापारा के पास मुख्य मार्ग के निकट पहुंच गया था। हाथियों के मुख्य मार्ग के निकट पहुंचने से आवागमन लगभग आधे घंटे तक बाधित रहा। इस दौरान हाथियों के चलते लगे जाम में लोग फंसे रहे और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही।
जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और लोगों को सतर्क करने के साथ मुख्य मार्ग के निकट विचरण कर रहे हाथियों के दल को खदेड़ा। वन अमला के खदेड़े जाने पर हाथियों ने जंगल का रूख किया। हाथियों के जंगल जाने के बाद आवागमन सामान्य हुआ और जाम में फंसे लोग अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसी तरह केंदई रेंज में इन दिनों 4 दर्जन से अधिक हाथी विचरण कर रहे हैं जो पानी व भोजन की तलाश में बीच-बीच में या तो गांव के निकट पहुंच जा रहे हैं या नेशनल हाईवे के निकट। इसके कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हाथियों ने केंदई रेंज को अपना बसेरा बना लिया है। यहां के जंगल में काफी दिनों से हाथी जमे हुए हैं, जिसकी निगरानी वन विभाग का मैदानी अमला ड्रोन कैमरे से कर रहा है।
0 कुदमुरा रेंज भी 39 हाथी सक्रिय
इधर कोरबा वनमंडल के कुदमुरा रेंज भी 39 हाथी सक्रिय हैं, जिसमें से 32 हाथी कल तक कुदमुरा क्षेत्र के जंगल के कक्ष क्रमांक पी-1140 में घूम रहे थे जो बीती रात आगे बढ़कर चचिया परिसर पहुंच गए हैं। हाथियों के इस दल को सुबह यहां के जंगल के कक्ष क्रमांक पी-1134 में देखा गया। हाथियों के चचिया परिसर पहुंचने की सूचना पर वन अमले ने निगरानी शुरू कर दी है। चचिया व आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। कुदमुरा रेंज के गीतकुंआरी में मौजूद 7 हाथियों का दल अब एलोन पहुंच गया है। संबंधित अमला इसकी निगरानी कर रहा है।

Spread the word