March 27, 2026

प्रदेश सरकार ने बढ़ाया धान के हेक्टेयर का लक्ष्य

0 किसानों की पसंद बनी धान की खेती, बढ़ा रकबा
कोरबा।
जिले में धान की फसल लेने वाले पंजीकृत किसानों की संख्या लगभग 48 हजार से अधिक है। जिले में धान की फसल लेने वाले किसानों की संख्या अधिक है। मानसून के पहले किसानों ने खेती-किसानी के लिए खेतों की सफाई शुरू कर दी है और बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
शासन ने इस बार जिला कृषि विभाग को धान के साथ अनाज, दलहन, तिलहन और सब्जी सहित अन्य खरीफ फसल के लिए एक लाख 37 हजार 484 हेक्टेयर क्षेत्राच्छादन लक्ष्य दिया है। इस बार धान के हेक्टयर को बढ़ाकर 91 हजार 95 क्षेत्र में फसल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें रोपा विधि से धान फसल का लक्ष्य 45 हजार 360 हेक्टेयर और बोता विधि से फसल का लक्ष्य 45 हजार 735 हेक्टेयर का है। पिछले साल 83 हजार 130 हेक्टेयर का लक्ष्य था, लेकिन धान की फसल को लेकर किसानों ने भारी उत्साह दिखाया था और 90 हजार 546 हेक्टेयर में धान का फसल लिया था। किसानों के उत्साह देखते हुए प्रदेश सरकार ने धान के हेक्टेयर के लक्ष्य को और बढ़ा दिया है। पिछले साल की तुलना करें तो लगभग 7965 हेक्टेयर क्षेत्राच्छादन का लक्ष्य बढ़ाया है।
इधर किसानों ने खेतों की साफ-सफाई शुरू कर दी है। खेतों में लगे घास को हटाकर खेती-किसानों की तैयारी में जुटे हुए हैं। साथ ही इस बार मानसून समय पर आने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे किसान बारिश का इंतजार कर रहे हैं, जिससे खेतों की जोताई कर सके और आने वाले दिनों में फसल बेहतर उत्पादन ले सके। खरीफ फसल चक्र परिवर्तन अंतर्गत इस बार कृषि विभाग की ओर दलहन और तिलहन फसल के क्षेत्राच्छादन लक्ष्य को कम कर दिया गया है। इस बार दलहन और तिलहन का निर्धारित लक्ष्य क्रमश: 13 हजार 753 और 15 हजार 460 हेक्टेयर है। पिछले साल दलहन 16 हजार 200 और तिलहन 5200 हेक्टेयर में लगाने का लक्ष्य मिला था, लेकिन विभाग यह क्षेत्राच्छादन लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई थी। इस कारण इस बार लक्ष्य को कम कर दिया गया है।
0 कोदो का इस बार 1240 हेक्टेयर लगाने का लक्ष्य
क्षेत्राच्छादन के अनुसार शासन ने इस बार जिले में मक्का और कुटकी के फसल के हेक्टेयर के लक्ष्य को घटा दिया है, जबकि कोदो के फसल के उत्पादन पर जोर दिया है। मक्का, रागी और कुटकी का क्षेत्राच्छादन लक्ष्य इस बार क्रमश: 10 हजार 640 हेक्टेयर, 555 और 60 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल लगाने की तैयारी है। वहीं कोदो का फसल इस बार 1240 हेक्टेयर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ranjan photo
Admin

Spread the word