एचटीपीएस से अधीक्षण अभियंता समेत 12 विद्युतकर्मी सेवानिवृत्त, दी गई भावपूर्ण विदाई

कोरबा । छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम से जुलाई माह में अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार अग्रवाल, स्टाफ ऑफिसर घनश्याम प्रसाद नामदेव, प्रशासनिक अधिकारी पुनीराम चौहान सहित 12 विद्युत कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। इन सभी को पॉवर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों में कनिष्ठ पर्यवेक्षक लखन लाल ठाकुर, चंद्रकुमार चंद्रा, परीक्षित लाल चंद्रा, बंधन सिंह कंवर, कमल नारायण पटेल, संयंत्र सहायक श्रेणी-1 जीवन लाल यादव, मुख्य सुरक्षा सैनिक बाबूलाल बरेठ, शिव सम्पत्ति प्रसाद राव और रामनिधि तिवारी शामिल हैं।
श्रम कल्याण केंद्र में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में मुख्य अभियंता पी.के. श्रीवास्तव ने अध्यक्षता करते हुए सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की और पॉवर कंपनी की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने सेवानिवृत्तजनों को स्मृतिचिन्ह व सेवा प्रमाण पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता पी.के. स्वैन, पी.के. मलघानी, के.एन.बी. राव, एस.सी. पाठक एवं वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ ए.के. कुरनाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सेवानिवृत्तजनों को उनके आगामी जीवन के लिए स्वस्थ व सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया। प्रशासनिक अधिकारी पुनीराम चौहान ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है। कार्यक्रम का संचालन कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर ने किया, जिन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का संक्षिप्त जीवन परिचय भी प्रस्तुत किया। सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्तजनों के परिजन उपस्थित रहे।