February 4, 2026

महापंचायत को लेकर बांकीमोंगरा में युवा कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस


0 मनरेगा, धान खरीदी और बढ़ते अपराध पर सरकार को घेरा, 12 फरवरी को रायपुर चलो का आह्वान
बांकीमोंगरा। आगामी 12 फरवरी को रायपुर में आयोजित होने वाली कांग्रेस की महापंचायत सभा को लेकर बांकीमोंगरा में जिला युवा कांग्रेस ग्रामीण कार्यकर्ताओं द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान महापंचायत के उद्देश्य, संगठनात्मक रणनीति तथा जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नेताओं ने कहा कि मनरेगा, धान खरीदी और किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर कांग्रेस द्वारा पूरे प्रदेश में मुहिम चलाई जा रही है। इसी क्रम में जिले में भी लगातार चरणबद्ध आंदोलन किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ग्राफ चोरी, नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री, कबाड़ चोरी और रेलवे परियोजनाओं से करोड़ों रुपए के लोहे के सामान की चोरी जैसी घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती हैं। नेताओं ने कहा कि इन मामलों पर प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए और प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहप्रभारी कोरबा जिला युवा कांग्रेस पुष्पेन्द्र साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास सिंह, राकेश पंकज, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आज़ाद, महासचिव भरत मिश्रा, विवेक श्रीवास, बालेन्द्र सिंह, नगर पालिका परिषद नेता प्रतिपक्ष पार्षद मधुसूदन दास, सोनू कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष कुणाल आज़ाद सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नेताओं ने बताया कि रायपुर में होने वाली महापंचायत सभा में प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे और सरकार की नीतियों के खिलाफ तथा जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुट होकर आवाज़ बुलंद की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों से महापंचायत में शामिल होने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा युवाओं को संवैधानिक मूल्यों के साथ नेतृत्व के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए राष्ट्रीय पदाधिकारी कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिससे उन्हें संविधान आधारित प्रशिक्षण एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जा सकें।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word