March 28, 2026

मुआवजा नहीं मिला तो सर्वे रुकवाने की चेतावनी, एसईसीएल पर वादाखिलाफी का आरोप


कोरबा। एसईसीएल दीपका क्षेत्र द्वारा अधिग्रहित भूमि और मकानों का मुआवजा नहीं मिलने से प्रभावित किसान अब आंदोलन के मूड में नजर आ रहे हैं। ग्राम हरदीबाजार निवासी किसान विनय कुमार राठौर ने जिला प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि बकाया मुआवजा नहीं मिलने पर वे अपनी अन्य संपत्तियों का सर्वे और नापी कार्य नहीं होने देंगे।
किसान के अनुसार ग्राम सुवाभोड़ी खसरा नंबर 316/4 और मलगांव में उनकी जमीन और मकान का अधिग्रहण करीब 3-4 वर्ष पहले किया जा चुका है, लेकिन अब तक मुआवजा राशि का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर जनदर्शन और एसईसीएल कार्यालय में कई बार आवेदन देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। विनय कुमार राठौर ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र मुआवजा नहीं दिया गया तो वे हरदीबाजार स्थित अपनी अन्य भूमि का सर्वे रुकवा देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन की होगी। पीड़ित किसान ने प्रशासनिक सुस्ती पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास कार्यों के नाम पर जमीनें तो ली जा रही हैं, लेकिन किसानों को उनके हक का मुआवजा पाने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। मामले की शिकायत एसईसीएल बिलासपुर के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, तहसीलदार हरदीबाजार और संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word