April 4, 2026

हनुमान जयंती जुलूस में हादसा: करतब के दौरान महिला समेत तीन कलाकार झुलसे, हालत गंभीर


कोरबा। हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। करतब दिखाने के दौरान एक महिला कलाकार आग की चपेट में आ गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। महिला को बचाने के प्रयास में उसके दो साथी भी झुलस गए। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना रजगामार चौकी क्षेत्र के मेन क्लब एरिया की है, जहां हनुमान सेवा समिति द्वारा हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन किया गया था। दिनभर पूजा-पाठ और भंडारे के बाद शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। शोभायात्रा में दुर्ग से आए कलाकार देवी-देवताओं का रूप धारण कर आकर्षक प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान काली माता का रूप धारण किए एक महिला कलाकार ने मुंह में ज्वलनशील पदार्थ लेकर आग से करतब दिखाने का प्रयास किया, लेकिन अचानक आग बेकाबू हो गई और वह उसकी चपेट में आ गई। महिला को आग में घिरा देख मौके पर मौजूद दो अन्य कलाकार उसे बचाने दौड़े, लेकिन वे भी आग की लपटों में आ गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।


डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भिलाई रेफर कर दिया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस हादसे ने उत्सव की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word