युवक की मौत पर भड़का आक्रोश, परिजनों ने बांकीमोंगरा थाने का किया घेराव


बांकीमोंगरा। बलगी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पुलिस पर समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों और मित्रों ने बांकीमोंगरा थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा भी शामिल हुए। स्थिति को देखते हुए थाने में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई।
जानकारी के अनुसार, अयोध्यापुरी निवासी शिव प्रसाद (32) दीपका स्थित अपने ससुराल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बांकीमोंगरा के बलगी मार्ग पर वे सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। बाद में परिजनों और परिचितों का गुस्सा पुलिस की कथित को लेकर विरोध में बदल गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा है और हादसों के मामलों में त्वरित कार्रवाई नहीं होती। विरोध बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक और दीपका थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच के साथ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस मामले की जांच और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word