बालको के वरिष्ठ सेवानिवृत्त कर्मचारी गणेश प्रसाद यादव का निधन, बुधवार को होगा अंतिम संस्कार

कोरबा। भारत एल्यूमिनियम कंपनी बालको के वरिष्ठ सेवानिवृत्त कर्मचारी गणेश प्रसाद यादव का मंगलवार को 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिजनों, मित्रों, पूर्व सहकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है।
स्वर्गीय श्री यादव बालको के शुरुआती दौर के कर्मठ कर्मचारियों में शामिल रहे और उन्होंने कंपनी के विकास को करीब से देखा था। अपने सरल, सौम्य एवं मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे सभी के बीच सम्मानित थे। सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन में भी उनकी विशेष पहचान रही।
वे अपने पीछे दो पुत्र, एक पुत्री सहित नाती पौते से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे विजय यादव के पूज्य दादाजी थे। परिवार के अनुसार उनका अंतिम संस्कार बुधवार 22 जुलाई को दोपहर 2 बजे सेक्टर-5 मुक्तिधाम में किया जाएगा।
उनके निधन पर बालको के पूर्व कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।