राशन के चावल में कंकड़, कीड़े और नमी की शिकायत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने कलेक्टर को लिखा पत्र

खराब चावल का वितरण रोकने और गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराने की मांग
हरदीबाजार। पाली विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन दुकानों से वितरित किए जा रहे चावल की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। जिला पंचायत कोरबा की उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल ने 16 अक्टूबर को कलेक्टर को पत्र लिखकर खराब गुणवत्ता वाले चावल का वितरण तत्काल बंद कराने की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित चावल में कंकड़, कीड़े और अत्यधिक नमी होने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने खराब चावल वापस कराकर उसकी जगह गुणवत्तापूर्ण चावल उपलब्ध कराने तथा संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को भी भेजी है।