समस्याओं को लेकर व्यापारी संघ अध्यक्ष ने खोला मोर्चा, 23 मार्च को करेंगे आंदोलन

0 इतवारी बाजार के व्यापारी हो रहे हैं परेशान
कोरबा।
इतवारी बाजार में समस्याओं का अंबार है। इसे लेकर व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण यहां की व्यापारिक गतिविधियां बेहद प्रभावित हो रही है। इतवारी बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष अनीस मेमन व्यापारियों की समस्याओं को लेकर लगातार प्रशासन और निगम के आला अफसरों तक अपनी बात विभिन्न माध्यमों से पहुंचाते रहे हैं। अब तक समस्याओं के निराकरण को लेकर कोई भी गंभीर नजर नहीं आ रहा है। इसे लेकर 23 मार्च को इतवारी बाजार व्यापारी संघ की ओर से अनीस मेमन के नेतृत्व में हल्ला बोल प्रदर्शन किया जाएगा।

अध्यक्ष अनीस मेमन ने बताया कि कलेक्टर के समक्ष भी उन्होंने यहां की समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया था। कोरबा नगर के सबसे पुराने इतवारी बाजार में रविवार और गुरुवार को सप्ताहिक बाजार लगता है। इसके माध्यम से लोगों की सामान्य आवश्यकताएं पूरी होती हैं। व्यापारियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने पिछले वर्षों में यहां चबूतरे और छायादार शेड तैयार कराए, लेकिन शॉपिंग कॉम्पलेक्स से लेकर आंतरिक मार्ग बदहाली का शिकार है। कई कारण से लोगों की पहुंच से इस मार्केट में नहीं हो पा रही है। इसके चलते इतवारी बाजार मुख्य मार्ग पर संचालित होने वाली दुकानों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इतवारी बाजार की समस्याओं के मामले में अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं। मेमन ने बताया कि इसलिए 23 मार्च को मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल होंगे।

ranjan photo
Admin

Spread the word