तहसीलदार को कार्यमुक्त करने की मांग पर अधिवक्ता संघ का आंदोलन, 27 से न्यायालयीन कार्यों का बहिष्कार

0 मांगें पूरी नहीं होने पर 2 नवंबर से अनिश्चितकालीन तालाबंदी की चेतावनी
हरदीबाजार। तहसीलदार हरदीबाजार के स्थानांतरण के बाद भी उन्हें कार्यमुक्त नहीं किए जाने से नाराज अधिवक्ता संघ ने आंदोलन का ऐलान किया है। संघ ने 27 से 30 अक्टूबर 2026 तक न्यायालयीन कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लिया है। इसके बाद भी प्रशासन द्वारा मांगों के निराकरण की दिशा में ठोस पहल नहीं किए जाने पर 2 नवंबर से अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी।
अधिवक्ता संघ के अनुसार, तहसील कार्यालय में सुचारु कार्यप्रणाली बनाए रखने और राजस्व संबंधी मामलों में आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। बहिष्कार के दौरान अधिवक्ता तहसीलदार न्यायालय और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से संबंधित राजस्व न्यायालयीन कार्यों में शामिल नहीं होंगे।
0 तीन प्रमुख मांगों को लेकर अड़ा संघ
अधिवक्ता संघ हरदीबाजार ने स्थानांतरित तहसीलदार को तत्काल कार्यमुक्त करने, तहसील कार्यालय में स्थायी रूप से अनुभवी एवं जानकार तहसीलदार की पदस्थापना करने तथा कार्यालय में कर्मचारियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ का कहना है कि राजस्व मामलों के समयबद्ध निराकरण और आम लोगों को राहत देने के लिए इन व्यवस्थाओं का होना आवश्यक है।
संघ ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 2 नवंबर से अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी। अब अधिवक्ताओं के आंदोलन को लेकर प्रशासन की प्रतिक्रिया और मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।