वेतन भुगतान नहीं होने से भड़के ठेका श्रमिक, पांच दिनों से ठप पड़ा निर्माण कार्य


कोरबा। एसईसीएल गेवरा परियोजना अंतर्गत एसआईएलओ एवं सीएचपी निर्माण कार्य में लगे बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के लगभग 150 ठेका श्रमिकों का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा। जून माह का वेतन समय पर नहीं मिलने से नाराज श्रमिकों ने गेवरा के श्रमिक चौक पर करीब छह घंटे तक प्रदर्शन कर कंपनी प्रबंधन और एसईसीएल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। श्रमिकों का आरोप है कि दो माह पूर्व मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के घेराव के दौरान हुए समझौते में हर माह 7 से 10 तारीख के बीच वेतन भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इस बार भी तय समय पर भुगतान नहीं किया गया।

इससे श्रमिकों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने बताया कि जुलाई-अगस्त में बच्चों की पढ़ाई, कृषि कार्य, बिजली बिल, गैस सिलेंडर और घरेलू खर्चों का दबाव रहता है, ऐसे समय में वेतन नहीं मिलने से परेशानी और बढ़ गई है। उनका कहना है कि प्रबंधन ने भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में “पेमेंट आने पर काम पर आना” कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

उन्होंने मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वेतन भुगतान की मांग की है। साथ ही कहा है कि आंदोलन के कारण परियोजना कार्य प्रभावित होने पर इसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और एसईसीएल प्रशासन की होगी। प्रदर्शन की सूचना स्थानीय प्रशासन, पुलिस, सीआईएसएफ तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी भेजी गई है। फिलहाल पिछले पांच दिनों से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप बताया जा रहा है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word