बांगो बांध के 10 गेट खुले, हसदेव नदी में 41 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज


कोरबा। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में पानी की लगातार आवक को देखते हुए रविवार शाम 4 बजे बांध के सभी-11 गेट में से 10 गेट खोल दिए गए हैं। वर्तमान में बांध का जलस्तर 358.60 मीटर है, जो कुल भराव क्षमता का 93.65 प्रतिशत है। बांध में 16,700 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि गेटों से 32,080 क्यूसेक और जल विद्युत संयंत्र से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह हसदेव नदी में कुल 41,080 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है।
बांध प्रबंधन के अनुसार मुख्य अभियंता बिलासपुर एवं अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा और अनुमति के बाद गेट क्रमांक 2 से 10 तक पानी निकासी के लिए खोले गए हैं। गेट क्रमांक 4 से 8 तक प्रत्येक को 1 मीटर, गेट 3 व 9 को 0.40 मीटर तथा गेट 2 व 10 को 0.10 मीटर खोला गया है। पिछले 7 घंटे में बांध का जलस्तर करीब 7 सेंटीमीटर नीचे आया है, जबकि पिछले ढाई घंटे से जलस्तर स्थिर बना हुआ है। जलस्तर 358.32 मीटर (92 प्रतिशत) तक आने पर गेट बंद किए जाने की संभावना है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word