सर्वमंगला मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन, कन्या भोज और भंडारे में शामिल हुए भक्त


महाष्टमी पर मां महागौरी की आराधना, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कोरबा। शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर रविवार को मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां दुर्गा के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठे। जगह-जगह हवन, कन्या भोज और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए।


शहर के प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर में महाष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। राजपुरोहित नमन पांडे ने अपने परिवार के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन अनुष्ठान संपन्न कराया। इसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। दोपहर बाद कन्या भोज एवं भोग-भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


महाष्टमी के अवसर पर शहर के अन्य देवी मंदिरों और विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भी विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। कन्या भोज और प्रसाद वितरण के माध्यम से श्रद्धालुओं ने नवरात्र पर्व की खुशियां साझा कीं। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे दिन मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
शारदीय नवरात्र के तहत महाष्टमी के बाद सोमवार को महानवमी पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। वहीं मंगलवार को दशहरा पर्व पर रावण दहन के साथ नवरात्र उत्सव का समापन होगा।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word