February 27, 2026

भारत और चीन के सैनिकों में सिक्किम से सटी नाकुला बॉर्डर पर झड़प, कई चीनी सैनिक घायल

नईदिल्ली 25 जनवरी। भारत और चीन के सैनिकों के बीच सिक्किम से सटी नाकुला बॉर्डर पर झड़प की सूचना है। हालांकि सेना ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। कहा जा रहा है कि सेना मुख्यालय तक झड़प की यह खबर पहुंच गई है और पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीन दिन पहले हुई इस झड़प में चीन के 15 से 20 सैनिक घायल हुए हैं। यह स्थान 19000 फीट की ऊंचाई पर है। भारत और चीनी सैनिकों के बीच झड़प की यह सूचना तब आई है जब दोनों देशों के बीच सैन्य कमांडर स्तर की 9वें दौर की वार्ता हुई है। रविवार को शुरू हुई यह वार्ता 17 घंटे चली। हालांकि कोई निष्कर्ष नहीं निकला, लेकिन भारत ने चीन को दो टूक कह दिया है कि वह अपनी सेना को पीछे बुलाए।

इससे पहले 9 माह पूर्व दोनों देशों के सैनिकों के बीच गलवन घाटी में तीखी झड़प हुई थी। तब भी चीन ने मुंह की खाई थी। हालांकि उसकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया। गलवन घाटी के घटनाक्रम के बाद पिछले साल 29-30 अगस्त की रात पूर्वी लद्दाख में फिर झड़प हुई थी। चीनी सैनिकों ने तय सीमा से आगे घुसपैठ करने की कोशिश की, जिसे भारतीय सैनिकों ने नाकाम कर दिया था। पेगोंग झील के दक्षिण हिस्से में यह घटना हुई थी।

भारतीय सैनिकों को है पूरी छूट

बता दें, भारत सरकार ने अपने सैनिकों को चीन के खिलाफ सख्त कदम उठाने के लिए खुली छूट दे रखी है। सेना को स्पष्ट निर्देश है कि वे चीन की हरकतों को मुंह तोड़ जवाब दे और सेना ऐसा कर भी रही है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word