September 20, 2024

सावधान ! झांसों में न आएं, सपनों का आशियाना बन सकता है सरदर्द.. न होगी सड़क, न नाली, ना अन्य मूलभूत सुविधाएँ

मुंगेली। मुंगेली जिला बनने के बाद तेजी से फैला भूमाफियाओं का मकड़जाल। सर्वसुविधा युक्त मकान या कालोनी का सपना दिखाकर भोलेभाले लोगो को लिया जाता है झांसे में और उनकी मेहनत की कमाई को ऐंठकर खुद बन रहे है करोड़पति। हर व्यक्ति के जीवन मे अपना सुंदर घर बनाने का सपना जरूर रहता है। यही वजह है कि अपने आशियाने को मूर्तरूप देने के लिए ये हर सम्भव कोशिश में रहते है। आमलोगों के इसी सपने को साकार करने का झांसा देकर जिले में भूमाफिया द्वारा अपने फैलाये हुए मकड़जाल में इनलोगो को फसाया जाता है। भूमाफियाओं के इस मकड़जाल में फसने वाले लोगो मे सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्र के लोग होते है। भूमाफियाओं के संपर्क में आने वाले लोगो को सबसे पहले सर्वसुविधायुक्त कालोनी बनाने की जानकारी दी जाती है, जिसमे अपने खुद के द्वारा रचित ब्रोसर या फिर नक्शा दिखाया जाता है,और बताया जाता है कि ये कालोनी मानो स्वर्ग से भी सुंदर होगा। वही कुछ लोग तो इतने शातिर होते है कि अपने खुद के द्वारा विकसित किये जाने वाले कालोनी में हॉस्पिटल,गॉर्डन और भव्य मंदिर तक का झूठा स्वांग रचाया जाता है, यही वजह है कि काल्पनिक रूप से बनाये गए इस कालोनी में बताए गए सुविधाओं के झांसे में आकर आम आदमी अपने खून पसीने से कमाए गए अपनी जिंदगी भर की कमाई को इन झांसेबाज लोगों को सौप देते है।और बदले में भूमाफियाओं के द्वारा उसे प्लाट दे तो दिया जाता है जिसके बाद उस व्यक्ति को जानकारी मिलती है कि जिस शानदार और सर्वसुविधायुक्त कालोनी के बारे में उसे बताया गया था वो सिर्फ और सिर्फ कोरी कल्पना ही थी, उन बातों का हकीकत की दुनिया से कोई वास्ता नही है।

जिले के हर इलाके में किया जा रहा है अवैध प्लाटिंग

मुंगेली जिला और कोई चीजो में सुर्खियों में रहे या ना रहे, लेकिन यहाँ शासकीय कार्य मे होने वाले भ्रष्टाचार एवँ जिले में किये जा रहे अवैध प्लाटिंग के लिए जरूर रहेगा। जिला बनने के पश्चात इन 9 सालों में अवैध प्लाटिंग करने वालो की मानो बाढ़ सि आ गयी है। नगर में कई जगहों पर किये गए अवैध प्लाटिंग आम लोगों को बेचकर कालोनियां विकसित की गई है। लेकिन उन कालोनियों के रहवासी आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। जिन लोगों के द्वारा इन कालोनियों को विकसित किया जा रहा था उस दौरान कालोनी में अपना घर बनवाने वाले लोगों को भूमाफियाओं के द्वारा जो सपने दिखाए गए थे, वें सफेद हाँथी साबित हुए। आज कालोनी तो विकसित हो गए हैं लेकिन इन कालोनी में रहने वाले रहवासी बिना मूलभूत सुविधाओं के नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

नगर में अवैध प्लाटिंग का खेल जोरों पर, लेकिन जिला प्रशासन मौन.. तो कार्यवाही करेगा कौन?

मुंगेली जिला मुख्यालय में इन दिनों अवैध प्लाटिंग का खेल बेधड़क खेला जा रहा है। नगर के SNG कॉलेज ग्राउंड के पास,नवागढ़ रोड में रावनभाठा के पास,दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में,पंडरिया रोड सहित कई अन्य जगहों पर अवैध प्लाटिंग कर लोगों को झांसे में लेकर बेचा जा रहा है। खास बात ये है कि इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों को भी रहती है लेकिन जिम्मेदार पद में बैठे लोगों के द्वारा कोई कार्यवाही नही करने से अवैध प्लाटिंग में लिप्त लोगों के हौसले बुलंद हैं। वही इस बारे में अधिकारियों से चर्चा करने पर उनके द्वारा शिकायत होने पर कार्यवाही होगी का अपना रटारटाया जवाब प्रस्तुत करते हैं। वही जनप्रतिनिधियों से इसको लेकर पूछने पर उनको अपने संबंधों की चिंता होने लगती है। उन्हें लगता है कि अगर मैं कुछ करूंगा तो बड़े लोगों से सम्बन्ध खराब हो जाएगा। इस वजह से नेताजी कुछ कर नही पाते। ऐसे में सवाल ये उठता है कि आम आदमी अपनी शिकायत लेकर किसके पास जाए। क्योंकि शासन प्रशासन के लोग तो अपनी ढपली अपना राग अपना रहे हैं, तो फिर अवैध कार्य करने वालों के हौसले तो बुलन्द होंगे ही और आम आदमी की किस्मत में जो ठोकरे लिखी है उनसे उन्हें कौन बचा सकता है।

Spread the word