September 21, 2024

सुने मकान से चोरों ने किया 2 लाख का सामान पार

कोरबा 2 अगस्त। रामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। एक मामला सुलझा नहीं की दूसरी चुनौती पेश हो जाती है। यहां के आरामशीन क्षेत्र में एक सुने मकान से चोरों ने लगभग 2 लाख का सामान पार कर दिया। जबकि 75 हजार की चोरी के मामले में अब तक कोई सुराग नहीं मिल सके है।

जानकारी के अनुसार सीएसईबी कालोनी से बुधवारी बस्ती की तरफ जाने वाले आरामशीन इलाके में चोरों ने मौशिन अली के घर को निशाना बनाया। कुछ दिन पहले वह घरेलू काम से परिवार के साथ बिलासपुर गया हुआ था। उसके बाद कटघोरा आकर रूक गया। यहां उसका मकान सूना था और नजर रखने के लिए किसी को नहीं कहा गया था। संभवतः इस स्थान पर चोर उचक्कों के द्वारा निगरानी की जा रही थी। अवसर पाकर चोरों ने यहां प्रवेश किया और एक पेटी के ताला को तोड़े बिना उसे ढांचे से अलग किया। भीतर रखे जेवरात, नगदी और कई सामान पार कर दिये गये। अली का परिवार यहां लौटा तब उसे चोरी की जानकारी हुई। इस बारे में स्थानीय पुलिस को अवगत कराया गया है। पीड़ित का कहना है कि लगभग 2 लाख रूपए का सामान उन्होंने पार कर दिया है। मामले की जांच की जानी चाहिए। इससे पहले काशिनगर क्षेत्र में ही मोबाइल दुकान संचालित करने वाले व्यक्ति के घर और दुकान को चोरों ने निशाने पर लिया था और लगभग 75 हजार की चपत लगाई थी। यह प्रकरण भी रामपुर पुलिस के संज्ञान में है। इस मामले में भी चोरों के बारे में कोई जानकारी अब तक नहीं लग सकी।

रामपुर पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत खरमोरा में संचालित डीडी इंटरप्राईजेस के मालिक के घर पर हुई चोरी से जुड़े आरोपी भी अब तक अज्ञात बने हुए है। उन्हें खोजपाने का काम 13 महीने बीतने पर भी नहीं हो सका। वर्ष 2020 को 29-30 जून की रात यहां पर चोरी की घटना हुई थी। जिसमें 35 लाख रूपए पार कर दिये गये थे। चोरों ने कोसाबाड़ी क्षेत्र में इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनेक अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लेने के साथ जांच पड़ताल के लिए 5 टीमें गठित की गई थी। कोसाबाड़ी से घंटाघर चौक तक लगे सीसीटीव्ही के फूटेज खंगाले गये लेकिन कोई परिणाम हासिल नहीं हो सके। सवाल उठता है कि तमाम अनुसंधान के बावजूद आरोपियों के बारे में सूचनाएं कैसे नहीं मिल पा रही है।

Spread the word