October 3, 2024

छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने दी जगदेव राम उरांव को श्रद्धांजलि, केंद्रीय मंत्री मुंडा सहित संघ- भाजपा परिवार ने जताया शोक

रायपुर । राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदेव राम उरांव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि जगदेव जी बाल्यकाल से ही वनवासी कल्याण आश्रम से जुड़े रहे और हमेशा वनवासियों के कल्याण के लिए कार्य करते रहे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायी है। राज्यपाल ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुशांगिक संगठन अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदेव राम उरांव का आज हृदयघात से निधन हो गया। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला के शासकीय देवशरण जिला चिकित्सालय मे में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही संघ से जुड़े संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। दोपहर उन्हें चक्कर आने के बाद जशपुर जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां अपरान्ह 3 बजे उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार जशपुर में गुरुवार को होगा। करोड़ो वनवासियों के कल्याण के लिए काम करने वाले संघ के इस संगठन से जगदेव राम का जुड़ाव 1989 से बताया जाता है। वनवासियों के कल्याण के लिए काम करने वाले व्यक्ति के तौर पर उनकी देश में पहचान रही।
आदिवासी मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदेव राम उरांव जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। वनवासी समाज के सम्पूर्ण विकास एवं स्वाभिमान जागरण की दिशा में उनका योगदान अभूतपूर्व था। भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम देश में वनों में रहने वाले वनवासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में काम करता है। पूरे देश में संगठन की शाखाएं हैं। सुदूर जनजातीय गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में यह संगठन काम करता है।
Spread the word