March 18, 2026

गौमुखी सेवाधाम को मध्यप्रदेश सरकार करेगी सम्मानित

कोरबा 1 जनवरी। जिले में स्थित गौमुखी सेवाधाम देवपहरी को राष्ट्रीय नानाजी देशमुख सम्मान 2020 से मध्यप्रदेश सरकार सम्मानित करेगी। इसके लिए संस्कृति संचालनालय ने विधिवत घोषणा की है। सम्मान समारोह की तिथि के संबंध में जल्द ही अवगत कराया जाएगा।
मध्यप्रदेश सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली संस्थाओं को यह सम्मान देने की व्यवस्था बीते वर्षों में की।

सामाजिक, सांस्कृतिक समरस्ता, उत्थान, परिष्कार, आध्यात्म, परंपरा, समाज एवं विकास तथा संस्कृति की मूल अवधारणा के लिए यह सम्मान दिया जाता है। वर्ष 2020 के लिए कोरबा जिले के गौमुखी सेवाधाम देवपहरी को यह सम्मान दिया जाएगा। मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2012 में राष्ट्रीय नानाजी देशमुख सम्मान की स्थापना की। इस तरह 9 वां सम्मान कोरबा जिले की सामाजिक संस्था को प्राप्त होगा। संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश के संचालक अदिती त्रिपाठी ने इस बारे में पत्र जारी करने के साथ गौमुखी सेवाधाम के सचिव उक्ताशय की जानकारी दी है। सम्मान के अंतर्गत दो लाख रूपए की नगद राशिए सम्मान पट्किा, श्रीफल प्रदान किया जाएगा।

बताया गया कि राज्य शासन चयन समिति के सर्वसम्मत निर्णय को अपने लिए बंधनकारी मानता है और निर्विवाद रूप से उसका पालन किया जाता है। संस्कृति विभाग ने बताया कि उपरोक्त अलंकरण समारोह की तिथि जल्द ही सुनिश्चित करने के साथ संदेश भेजा जाएगा। संपूर्ण ग्राम विकास की परिकल्पना के अंतर्गत गौमुखी सेवाधाम पिछले 20 वर्ष से काम कर रहा है। देवपहरी के आसपास के 40 ग्रामों को इसके साथ जोड़ते हुए स्वावलंबन, कृषि, शिक्षा, आजीविका, सांस्कृतिक चेतना व विभिन्न विषयों पर काम किया जा रहा है। इसके साथ क्षेत्र की तस्वीर बदलने की कोशिश अनंतिम रूप से जारी है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word