February 26, 2026

कोरबा जिले के कद्दावर नेताओं को केंद्रीय मंत्री ने भाजपा में दिलाया प्रवेश

केदारनाथ अग्रवाल, गोविंदसिंह राजपूत सहित 6 प्रभावशाली राजनीतिज्ञ भाजपा में शामिल हुए

कोरबा 19 अप्रैल। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने मंगलवार को जिले के कद्दावर नेता केदारनाथ अग्रवाल और गोविंदसिंह राजपूत सहित 6 प्रभावशाली राजनीतिज्ञों को भाजपा में प्रवेश दिलाया।

दो दशक से अधिक समय तक कांग्रेस की राजनीति में धूमकेतु की तरह छाए रहे केदारनाथ अग्रवाल ने 2008 में कांग्रेस छोड़कर भा ज पा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। लम्बे समय तक भाजपा में सेवाएं देने के बाद पिछले विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और जे सी सी जे के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अजित जोगी के आव्हान पर उनसे जुड़ गए थे। तीन वर्ष बाद उनकी घर ( भा ज पा ) वापसी हो गई है।

जिले के दूसरे दमदार नेता गोविन्द सिंह राजपूत प्रारम्भ से भाजपा के कार्यकर्ता रहे हैं। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में वे कटघोरा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी टिकट के प्रबल दावेदार थे। लेकिन उन्हें पार्टी टिकट नहीं मिली। इससे रुष्ट होकर उन्होंने पार्टी से किनाराकशी कर ली थी और बागी होकर चुनाव मैदान में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतर गए थे। उन्हें 27 हजार से अधिक वोट मिले थे और वे भाजपा की हार का कारण बने थे। तभी से वे भाजपा से दूर थे। अब एक दशक से अधिक समय बाद उनकी भाजपा में वापसी हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के कार्यालय में भारत सरकार के मंत्री अश्वनी कुमार चौबे ने गोविंदसिंह राजपूत और केदारनाथ अग्रवाल के साथ जिले के वृहद जनाधार रखने वाले नेताओं डॉ शत्रुघन देवांगन, गोविंद नामदेव, अजय राठौर और रामायण जायसवाल को भी भाजपा का गमछा पहना कर मंगलवार को ही भाजपा में प्रवेश दिलाया है।

कोरबा जिले के इन प्रमुख नेताओं के भाजपा में शामिल होने से जिले की राजनीतिक परिदृश्य में व्यापक परिवर्तन आने से इनकार नहीं किया जा सकता। इन नेताओं सक्रिय भागीदारी से जिले के चुनाव परिणामों में व्यापक उलट हो सकता है, जो भाजपा के लिए शुभ संकेत कहा जा सकता है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word