February 25, 2026

भाजपा नेता ने बीच सड़क वनकर्मियों की लात-घूंसों से पिटाई कर जान से मारने की दी धमकी

कोरबा 3 अगस्त। ऊर्जाधानी कोरबा में भाजपा नेता की गुंडागर्दी का वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसमें भाजपा नेता को अपने साथियों के साथ मिलकर वनकर्मियों से गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों से पिटाई करते देखा जा सकता है। इतना ही नहीं भाजपा नेता द्वारा वनकर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए भी सुना जा सकता है। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है। इंटरनेट मीडिया में प्रसारित यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय है। लोग भाजपा नेता के व्यवहार पर तंज कस रहे हैं।

कोरबा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-149 का निर्माण कार्य जारी है। इसके लिए यहां जमनीपाली के पास भारी संख्या में पेड़ों को काटा गया है। इसकी तस्करी भाजपा नेता और पूर्व जनपद सदस्य झामलाल साहू का भाई एक पिकअप के माध्यम से कर रहा था। इसकी सूचना वन विभाग की टीम को मिली। इस पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने भाजपा नेता के भाई को पिकअप वाहन के साथ रोक लिया। अमने ले लकड़ी भी जब्त कर ली। वनकर्मियों द्वारा रोके जाने की जानकारी आरोपित ने अपने भाई को फोन कर दी। इसके बाद भाजपा नेता झामलाल साहू मौके पर पहुंचे। झामलाल पिछड़ा वर्ग मोर्चा का उपाध्यक्ष है। मौके पर पहुंचते ही झामलाल ने वनकर्मियों को गालियां दीं। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें पिटाई शुरु कर दी। मारपीट के बाद भाजपा नेता अपने साथियों के साथ वहां से चले गए

इस वारदात के बाद पीडि़त वनकर्मी हरिनारायण बंजारे और विजेंद्र सिंह नेटी ने पुलिस से शिकायत की है। उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया है। इससे उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। पीडि़त वनकर्मियों के समर्थन में वन कर्मचारी संघ आ गया है। संघ ने आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष प्रीतम पुराइन ने उरगा थाना में मामले की शिकायत करते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी को लिखे पत्र में पुराइन ने बताया है कि बरपाली परिसर में पदस्थ वन रक्षक हरिनारायण बंजारे व मोहरा परिसर में पदस्थ विजेंद्र नेटी वन क्षेत्र जंगल में अवैध कटाई व रोपे गए पौधों को नुकसान पहुंचाने से मना किया। इस पर भाजपा नेता झामलाल साहू व मोहन सिंह ने उसके साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि उनसे उलझने की कोशिश की तो हाथ-पैर तोड़ देंगे। पीडि़त कर्मचारियों का आरोप है कि मामले की शिकायत घटना के दिन सोमवार को ही की गई थी पुलिस प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। कर्मचारियों ने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत लेकर थाना पहुंचे पुराइन के साथ अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word