October 6, 2024

वार्ड से अस्पताल शिफ्ट किए जाने पर पार्षद ने दी इस्तीफे की चेतावनी

कोरबा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 64 घुड़देवा क्षेत्र के चटाईनार में 10 बिस्तर का अस्पताल बनना है। इसके लिए शासन से स्वीकृति राशि सहित स्थान भी चिन्हित कर दिया गया, जो घुड़देवा क्षेत्र के चटाईनार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बगल में बनना तय किया गया है। वार्ड पार्षद पवन गुप्ता व शासन के अधिकारियों ने उस स्थान का निरिक्षण कर तैयारियां कर ली थीं, लेकिन कुछ दिन पश्चात मिलीभगत से 10 बिस्तर के अस्पताल को कोरबा विधानसभा के भैरोताल में ले जाया जा रहा है।
पार्षद गुप्ता ने बताया कि हमारे आसपास के क्षेत्र के लिए यह एक गंभीर विषय है, क्योंकि आसपास के क्षेत्र में जैसे घुड़देवा, बलगी, कटाईनार, चटाईनार, गजरा, रोहिना, डबरीपारा, 2 नंबर, 4 नंबर एवं पूरे 5 वार्डों का यह जगह सेंटर था। साथ ही पार्षद पवन गुप्ता ने कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित नगर निगम, कलेक्टर कार्यालय में आवेदन सौंपते हुए कहा है कि जिस जगह पर पहले से 10 बिस्तर का अस्पताल बनना था वह चटाईनार में ही बने। उक्त स्थान पर निर्माण नहीं होने पर 5 वार्ड के पार्षद व क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 64 घुड़देवा पार्षद पवन कुमार गुप्ता के द्वारा इस्तीफा दिया जाएगा। अब देखना यह है कि क्या शासन प्रशासन इस ओर ध्यान देते हैं, क्या जिस स्थान पर अस्पताल बनना तय था वहीं बनेगा या कोरबा विधानसभा क्षेत्र ले जाया जाएगा या घुड़देवा पार्षद गुप्ता के दिए गए आवेदन पर संज्ञान लेते हैं या पार्षद के इस्तीफा देने से शासन प्रशासन को कोई फर्क नहीं पड़ता।

Spread the word