नौतपा के दूसरे दिन बेमौसम बरसे बादल, गरज चमक के साथ चली तेज अंधड़

0 बिजली आपूर्ति व्यवस्था रही ठप
कोरबा।
नौतपा के दूसरे दिन शुक्रवार को जिले में सुबह व शाम तेज अंधड़ के साथ झमाझम बारिश हुई, तो कहीं बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवा चली। इसके कारण मौसम ठंडा हो गया। हालांकि धूप निकलने के बाद उमस ने परेशान किया। इसके साथ ही अंधड़ चलने से कच्चे मकानों के छप्पर सहित टीन शेड आदि उड़ गए व बिजली भी बाधित हो गई।

शुक्रवार की सुबह व शाम मौसम में अचानक बदलाव से तेज हवा, गरज चमक के साथ बारिश हुई। जरा सी हवा चली तो सी टाइप कॉलोनी के पास एक सूखे पेड़ की डंगाल 11 केवी विद्युत तार में गिर गया। विद्युत की लचर व्यवस्था से आये दिन घंटों बिजली बंद रहती है। सुबह मौसम बदलने के साथ तेज हवाओं से 11 केवी विद्युत तार में पेड़ गिर गया, जिससे सीएसईबी पश्चिम के कैलाश विहार, सी टाइप कॉलोनी में निवासरत कर्मचारी और अधिकारियों के आवास मे सुबह 8 बजे से लाइट बंद हो गई। बत्ती गुल होने से सीएसईबी कर्मियों के साथ ही आम जनता को आये दिन समस्या से जूझना पड़ता है। कोरबा पूर्व कॉलोनी में भी सुबह 6 बजे से लाइट बंद रही। 5 घंटे बाद भी आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं हुई थी। पेड़ गिरने से पूरे कॉलोनी में सुबह से लाइट बंद हो गई। किसी कर्मचारियों की आपातकाल ड्यूटी नहीं होने से 10.30 बजे जब कर्मचारी ड्यूटी आएंगे तब लाइट सुधारने पहुंचे। घंटों बाद लाइट व्यवस्था सुधार कार्य शुरू किया गया। ऐसी लचर व्यवस्था से लोग हलाकान परेशान होते रहते हैं। वहीं शाम को भी मौसम ने करवट बदली और लगभग 4 बजे तेज हवा से पूरा शहर राखड़ से पट गया। कुछ देर हुई बारिश से वातावरण में नमी आ गई। तेज हवा के चलते विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे लोग परेशान रहे।

ranjan photo
Admin

Spread the word