नेशनल हाईवे में दो वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत, एक में लगी आग

0 वाहन में फंसे चालक-परिचालक को मशक्कत बाद निकाला गया बाहर
कोरबा।
जिले के बांगो थाना अंतर्गत एनएच 130 कटघोरा-चोटिया सड़क मार्ग में भारी भरकम वाहनों का दबाव बढ़ गया है। मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाली घटना बीती रात हुई है। घटना टोल प्लाजा से महज 500 मीटर की दूरी राजेश्वरी पेट्रोल पंप के सामने की बताई गई है। डायल 112 की टीम को कंट्रोल सेंटर रायपुर से सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर जलते वाहन में फंसे 2 लोगों को मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल तत्काल इलाज के लिए पोड़ी उपरोड़ा रवाना किया गया।
बताया जा रहा है कि सेंट्रलाइज्ड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर रायपुर से सूचना मिली कि बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम-चोटिया में दो ट्रकों की टक्कर से आग लग गई है। नेशनल हाईवे-130 में जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना पर बांगो कोबरा-1 की टीम के आरक्षक संजीव कंवर एवं डायल 112 के चालक नीरज पांडे कॉलर के बताए हुए स्थान पर पहुंचे। वहां देखा कि एक ट्रक क्रमांक सीजी 11 एवाई 6175 में भीषण आग लगी हुई थी। उसमें सवार चालक एवं परिचालक बुरी तरीके से वाहन में फंसे हुए थे। टीम ने राहगीरों की मदद से आनन-फानन में कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला। वाहन चालक युवराज कुमार मानिकपुरी (24) एवं परिचालक शरीफ खान (23) को पैर एवं कंधे पर अत्यधिक चोटें आई थी। वाहन चालक युवराज ने बताया कि उक्त घटना सामने से स्पीड में चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक मारने से हुई है। टक्कर होने के कारण केबिन में रखे खाना बनाने वाले सिलेंडर के फटने से एकाएक आग लग गई। टीम ने दोनों घायलों को मौके पर मौजूद हाईवे एंबुलेंस-1033 की मदद से बेहतर उपचार के लिए समय रहते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी-उपरोड़ा में भर्ती करने रवाना किया। डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। ईआरवी टीम ने उक्त घटना की सूचना संबंधित थाना प्रभारी बांगो को फोन कर अवगत कराया एवं दमकल विभाग को भी घटना के बारे में सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल ने ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। नेशनल हाईवे पर लगे जाम को बहाल कर सुचारू रूप से जारी कराया गया। बांगो पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।

ranjan photo
Admin

Spread the word