मणिपुर हिंसा का एटक ने जताया विरोध, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

कोरबा। मणिपुर हिंसा और आदिवासी महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में एल्युमिनियम एंप्लाइज यूनियन (एटक) ने भीगते हुए तानसेन चौक पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। धरना उपरांत राष्ट्रपति के नाम संयुक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महासचिव हरिनाथ सिंह ने कहा कि मणिपुर में जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार हुए हैं उसने पूरे विश्व भर में भारत देश को शर्मसार कर दिया है। यह बहुत ही जघन्य अपराध है। ऐसा भारत देश में पहली बार हुआ होगा कि महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाया गया है। उनके साथ बलात्कार किया गया है। महिलाओं के साथ जिन लोगों ने भी यह कृत्य किया है उनको फांसी दे देना चाहिए। एलुमिनियम एंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष एसके सिंह और महासचिव सुनील सिंह ने कहा कि मणिपुर में जो हिंसा फैली हुई है उस पर केंद्र और राज्य सरकार को कड़े कदम उठाकर हिंसा पर रोक लगाना चाहिए। आदिवासी महिलाओं पर जो लोग अत्याचार कर रहे हैं उनको कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए, लेकिन सरकार मौन हैं। ऐसा लग रहा है कि इसमें केंद्र और मणिपुर राज्य की सरकार भी इस हिंसा में शामिल है। उन्होंने मांग की है कि राज्य सरकार पर कार्रवाई करते हुए मणिपुर सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए। रैली निकालते हुए संयुक्त कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संगठन मंत्री धर्मेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, पीके वर्मा, अविनाश सिंह, अनूप सिंह, अवधेश सिंह, घनश्याम पटेल, धर्मेंद्र, संजय यादव, नरेश खुटे, मुकेश, रामायण यादव, मनोज प्रजापति, संतोषी बरेठ, इंद्राणी श्रीवास, बबली बरेठ, राम्भा, बुधवारिन, विजयलक्ष्मी चौहान अन्य उपस्थित रहे।

ranjan photo
Admin

Spread the word