April 11, 2026

सम्मान छीनकर नहीं अच्छे कर्मों से कमाया जाता है : पंचराम

0 कर्मचारी सम्मान समारोह में दिग्गजों की उपस्थिति से गरमाया संकुल धौराभाठा
कोरबा (पाली)।
ग्राम के प्रथम व्यक्ति सरपंच पंचराम जगत के मुख्य आतिथ्य, कविता जगत पंच, मीना सिन्द्राम एवं रुक्मणी शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में शुक्रवार को उन लोगों की प्रतिभा को सामने लाया गया जो अब तक पर्दे के पीछे थे। इस कर्मचारी सम्मान समारोह का आयोजन संकुल स्तर पर प्रधान पाठक मीना पाटले के स्कूल प्राथमिक शाला जूनापारा में किया गया।
मां सरस्वती के पावन चरणों को स्पर्श कर आशीष लेने के साथ ही मां की वंदना एवं राजकीय गीत शिक्षिकाओं ने लय व हावभाव के साथ प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से कार्य करने वाले पांच ऐसे शख्सियत जो शिक्षा का अलख जगा रहे हैं उन्हें मंचस्थ दिग्गजों के द्वारा मोमेंटो, पेन डायरी श्रीफल गुलदस्ता आदि से सम्मानित किया गया। राम प्रसाद श्याम को मृदुभाषी, शाला के प्रति समर्पण, स्कूल प्रबंधन समिति के साथ स्कूल विकास, रवि शंकर यादव चतुर्थ वर्ग कर्मचारी को स्वयं के व्यय से पानी टंकी तथा नल लगाने, पौधों को जिंदा रखने, संकुल के लिए प्रेरणा बनने तथा कौशल्या मरकाम, ममता मरकाम को प्राशा जूनापारा में बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करने, स्कूल को सहयोग करने, बच्चों को आत्मीयता से शिक्षा ग्रहण कराने, शत्रुहन महंत को माशा रंगोले के बच्चों को नि:शुल्क गणितीय शिक्षा के एवज में प्रदान किया गया। तत्पश्चात पुरस्कृत कर्मचारियों से भी फीडबैक लिए गए। उनका सकारात्मक उत्तर मिलने से सदन ने साधुवाद दिया।
संकुल की ओर से प्रतिवेदन सीएसी वीरेंद्र जगत ने पेश किया। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष-मुख्य अतिथि सरपंच पंचराम जगत ने इस तरह के कार्यक्रम की सराहना करते कहा कि सम्मान कभी छीन कर नहीं पाया जाता, बल्कि उसे अच्छे कर्मों से कमाया जाता है। शिक्षक गौरी शंकर साहू तथा मदन लाल चौबे ने भी शिक्षकीय उद्बोधन दिए। कार्यक्रम का आभार प्रधान पाठक संगीता टेकाम एवं संचालन सुनील जायसवाल ने किया। सभी ने इस अद्वितीय कार्यक्रम की मुक्त कंठ से सराहना की। इस अवसर पर माताएं, पालक, शिक्षक व बच्चे उपस्थित थे।

ranjan photo
Admin

Spread the word