April 12, 2026

बालको नगर में हजारों महिलाओं ने किया भाजपा प्रवेश

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के कोरबा विधानसभा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन का अपने पूरे विधानसभा में चुनावी दौरा चल रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को लखनलाल देवांगन अपने समर्थकों के साथ बालको नगर पहुंचे। वार्ड क्रमांक 40 नेहरू नगर एवं 41 परसाभाठा में उन्होंने सभाएं ली एवं जनता को संबोधित किया। दोनों ही जगह सभाओं के दौरान हजारों महिलाओं ने नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा की नीति रीति से प्रभावित हो भगवा गमछा धारण कर भाजपा की सदस्यता हासिल की।
सभाओं के दौरान लखनलाल देवांगन ने वर्तमान सरकार की कमियों को गिनाते हुए वर्तमान विधायक पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल से एक ही व्यक्ति विधायक बन रहा है, लेकिन विधानसभा क्षेत्र में कहीं भी विकास के कार्य नहीं हुए। इससे ज्यादा विकास के कार्य तो मैंने महापौर के पद पर रहते हुए कर दिया था। जगह-जगह सड़कें, नालियां, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हमने की। कांग्रेस के विधायक ने भ्रष्टाचार कर 15 साल में अरबों करोड़ों रुपये की संपत्ति एकत्रित कर ली। कई सौ एकड़ जमीन खरीद लिए। इस बार जन बल का समर्थन कर कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें। सभा के दौरान नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने कहा कि लखनलाल देवांगन जब महापौर थे तब उनके द्वारा हर क्षेत्र में विकास के कार्य से कोरबा को नई पहचान मिली। इस बार भाजपा ने कोरबा को एक ऐसा प्रत्याशी दिया है, जो कि भले ही आर्थिक रूप से कमजोर हो परंतु स्वभाव और अपनी कार्यशैली से ईमानदार है। इसलिए आप सभी से आग्रह है कि कमल छाप पर बटन दबाकर भाजपा को विजयी बनाएं।

ranjan photo
Admin

Spread the word