October 6, 2024

हाथियों की निगरानी में बरती जा रही लापरवाही

0 डीएफओ के अवकाश से अमला की बढ़ी मनमानी
कोरबा।
कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में हाथियों की निगरानी में वनकर्मियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। डीएफओ के अवकाश का बेजा फायदा उठाते हुए मनमानी हो रही है।
वनमंडल कटघोरा में हाथियों का उत्पात जारी है। वहीं एतमानगर रेंज में 36 हाथियों का झुंड घूम रहा है। एक घायल हाथी भी अलग से गुरसियां के जंगल में है। वहीं डीएफओ कुमार निशांत हाथी के इलाज की व्यवस्था कर अवकाश पर चले गए हैं। इसके बाद वन अमले की मनमानी बढ़ गई है। लोगों को समय पर हाथियों के घूमने की सूचना भी नहीं मिल रही है। वहीं एतमानगर के साथ ही केंदई व पसान रेंज में भी हाथियों का झुंड घूम रहा है। सबसे अधिक 36 हाथी गुरसियां के जंगल में ही हैं। वहीं यहां के रेंजर देवदत्त खंडे को हाथी की निगरानी की जिम्मेदारी मिली है, लेकिन डीएफओ के अवकाश में जाते ही वे गायब हो गए हैं। आपसी संघर्ष में दंतैल हाथी घायल हो गया था। उसे गुड़ के साथ दवाई दी जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड रोज फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। वन अमला भी गांव में मुनादी कर लौट जाता है। वहीं गांव वालों का कहना है कि हम अपनी सुरक्षा स्वयं ही कर रहे हैं, जबकि यह जिम्मेदारी वन परिक्षेत्र के रेंजर की है।

Spread the word