October 4, 2024

कोरबा की समस्याओं को लेकर भाकपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

कोरबा। जिले में व्याप्त समस्याओं के निराकरण को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने रैली निकालकर धरना प्रदर्शन किया। समस्याओं के निराकरण को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर व निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। समस्या समाधान नहीं होने पर 16 फरवरी से आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन कर रहे भाकपा नेताओं ने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मी, कचरा उठाने वाले को न्यूनतम मजदूरी व सामाजिक सुरक्षा तत्काल दिया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका आशा कर्मियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। राज्य के उद्योगों में आउटसोर्स बंद कर उसमें लगे ठेका कर्मचारियों को नियमित किया जाए। ईएसआईसी हॉस्पिटल को सर्वसुविधायुक्त बनाने पहल की जाए। उन्होंने कहा कि ईएसआईसी से अस्पतालों की टाईअप की संख्या बढ़ाते हुए मल्टीनेशनल हॉस्पिटलों से टाइअप किया जाए। निराश्रित व वृद्धा पेंशन 3000 किया जाए। राज्य में न्यूनतम मजदूरी 26 हजार रुपये प्रति माह करने की मांग उन्होंने की है।

साथ ही जिले में जगह-जगह किए जा रहे राखड़ परिवहन व डंप की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। राखड़ का परिवहन ट्रक-हाइवा से किया जा रहा है, जिसे बल्कर, कैप्सूल से परिवहन करवाया जाए। परिवहन की व्यवस्था कैप्सूल से होने तक सुबह 5 से रात्रि 10.30 बजे तक नो एंट्री लगाया जाए। अलग-अलग वार्डों में स्थित तलाबों की हालात सुधारी जाए। उन्होंने कहा कि समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर 16 फरवरी से लगातार आंदोलन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में जिला सचिव पवन कुमार वर्मा, पूर्व पार्षद नरेंद्र कुमार मिश्रा, राममूर्ति दुबे, घासीराम आनंद, सुनील सिंह, अजीत सिंह, ताराचंद, कश्यप, सुखभांजन सिंह, तबरेज अहमद, राजू बरेठ, मोहम्मद शोएब, संतोष यादव, मथुरा कुमार केवट, अमरेश वर्मा सहित अन्य उपस्थित हुए।

Spread the word