February 27, 2026

पंद्रह ब्लॉक-पंप हाउस वार्ड में बेजा कब्जा की बाढ़

कोरबा। जिले की बेशकीमती शासकीय जमीनों पर बेजा कब्जा की बाढ़ आ चुकी है। बेजा कब्जाधारियों ने अब शहर से लगे वार्ड में भी अपनी नजर गड़ा दी है। नगर निगम अंतर्गत पंद्रह ब्लॉक-पंप हाउस वार्ड में इन दिनों बेजा कब्जा की होड़ मच गई है। अशोक वाटिका से लगे अनेक पेड़ों की संख्या लगातार घटती जा रही है। यहां पूर्व में झरने से और बारिश से बहने वाले पानी के क्षेत्र को भी कुछ लोग राखड़ से पाटकर कब्जा कर रहे हैं।
बेजा कब्जा का यह सिलसिला विगत 3 से 4 माह से बढ़ा है। अशोक वाटिका की बाउंड्री से लगे पंद्रह ब्लॉक कॉलोनी में हरा भरा जंगल हुआ करता था। यह जमीन वन विकास निगम के अंतर्गत आती है। वर्तमान में इस क्षेत्र के पेड़ों को काटकर तेजी से लोग घर बना रहे हैं। वहीं पंप हाउस के उप स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित नाले के आसपास भी राखड़ पाटकर जमीन कब्जा किया जा रहा है। शासकीय भूमि को तेजी से घेरने वालों पर कार्रवाई नहीं होने से बेखौफ होकर अतिक्रमण कर रहे हैं। इसी तरह पंद्रह ब्लॉक के दशहरा मैदान जो आसपास के बच्चों का एकमात्र खेल मैदान है, इस पर भी ठेले खोमचे सहित चिकन शॉप लगाने के साथ होटल खोले जा रहे हैं। अतिक्रमण कर जगह-जगह खेल मैदान को कब्जा करने से आसपास के लोग परेशान हैं। लोगों ने बताया कि कलेक्टर जन चौपाल में भी इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन निगम के अधिकारियों ने अभी तक खेल मैदान को अतिक्रमण से मुक्त नहीं कराया है। पंद्रह ब्लॉक के खेल मैदान में ठेला-खोमचे की दुकान संचालन होने के साथ यहां असामाजिक तत्वों का भी जमघट लगने लगा है। क्षेत्र में अशांति का माहौल निर्मित हो रहा है। आसपास के लोगों ने जिला प्रशासन से खेल मैदान के आसपास के कब्जे और अवैध दुकानों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग भी की है।

ranjan photo
Admin

Spread the word