October 4, 2024

हाथ में सफेद दाग, रसोईया को नहीं दिया जा रहा खाना बनाने

0 प्रधानपाठिका व स्टाफ के खिलाफ बीईओ से शिकायत
कोरबा।
स्कूल की रसोइया के हाथ में सफेद दाग होने के कारण उससे भेदभाव किया जा रहा है। उसे खाना बनाने नहीं दिया जा रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है। मामले की शिकायत उसने विकासखंड शिक्षा अधिकारी से की है।
पीड़िता दरशमति अंचल माध्यमिक शाला पाड़ीमार संकुल-बालको क्रमांक 1 में रसोइया के रूप में पदस्थ है, जो कि सन् 2014 से स्कूल में रसोईया का कार्य कर रही है। बीईओ कोरबा से किए गए शिकायत में कहा गया है कि वर्तमान में स्कूल की प्रधानपाठिका शकुंतला सारथी व उनके स्टाफ महेश्वरी रात्रे, अर्चना थवाईत द्वारा बच्चों व उनके पालकों को उसके विरूद्ध भड़काया जा रहा है। सफेद दाग होने के कारण उसे हीन दृष्टि से देखा जा रहा है तथा मुझे मानसिक टेंशन दिया जा रहा है। साथ ही साथ स्कूल में खाना भी बनाने नहीं बनाने दिया जा रहा है। वर्तमान में दुर्गा स्व-सहायता समूह मध्यान्ह भोजन का संचालन कर रहा है। प्राथमिक शाला सेक्टर-4 में भी यह समूह मध्यान्ह भोजन बना रहा है। उनके कृष्णा स्व-सहायता समूह के नाम से 27 अगस्त 2019 से पंजीयन करा लिया गया है। इसके बावजूद भी उनके समूह को मध्यान्ह भोजन संचालन की अनुमति नहीं दिया जा रहा है। पीड़िता ने गुहार लगाई है कि उसे शाला में रसोइया का कार्य कराया जाए। उसके समूह को मध्यान्ह भोजन संचालन करने की अनुमति दी जाए। उसका कहना है कि इसके सिवाय उसके जीविका का कोई अन्य साधन नहीं है।

Spread the word