October 4, 2024

नगर पंचायत की लापरवाही से राहगीरों की जान सांसत में, बाइक चालक घायल

कोरबा। घरों में पानी की आपूर्ति के लिए जगह-जगह बनाए गए बिना ढंके गेट वॉल चेंबर लोगों की परेशानी का कारण बन गए हैं। बुधवार को एक युवक खुले वॉल चेंबर में गिर गया। उसे सिर में गंभीर चोटें आई है। घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
घटना छुरीकला नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 8 की है। राजेन्द्र देवांगन बाइक लेकर हवेली चौक के रास्ते रावतपारा की ओर जा रहा था। बाइक की गति अधिक थी। युवक बाइक को नियंत्रित नहीं कर सका। बाइक सड़क के बीच स्थित खुले गेट वॉल चेंबर में गिर गई। बाइक के सामने का पहिया वॉल चेंबर में घुस गया। युवक सिर के बल सड़क पर गिरा। उसके माथे में गंभीर चोटें आई। युवक कुछ देर के लिए बेहोश हो गया। रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर सड़क पर गिरे युवक पर पड़ी। उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से विभिन्न वार्डों में पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई गई है। जगह-जगह गेट वॉल चेंबर बनाए गए हैं। कुछ वॉल चेंबर बीच सड़क पर है। उसे ढंका नहीं गया है। हादसे की आशंका बनी है। वार्ड के पार्षदों ने कई बार खुले वॉल चेंबर को ढंकने के लिए नगर पंचायत के अध्यक्ष और मुख्य पालिका अधिकारी से शिकायत की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे नगर के लोगों में नाराजगी है। खुले वॉल चेंबर को ढंकने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की ओर से वॉल चेंबर को नहीं ढंका गया तो आने वाले दिनों में बड़े हादसे हो सकते हैं। इसमें जान-माल का भी नुकसान हो सकता है।

Spread the word