October 3, 2024

नर्स व स्टाफ की बदौलत गर्भवती महिलाओं का चल रहा इलाज

0 पीएचसी हरदीबाजार में चिकित्सा अधिकारी रहती है नदारत
0 छह माह पूर्व हुई थी पदस्थापना तब से सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को मरीजों की इलाज के लिए पहुंचती हैं चिकित्सा अधिकारी
-विनोद उपाध्याय

कोरबा (हरदीबाजार)।
पाली विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीबाजार में पदस्थ चकित्सा अधिकारी नदारद रहती हैं। स्वास्थ्य केंद्र में नर्स व स्टाफ की बदौलत गर्भवती महिलाओं का इलाज चल रहा है। सप्ताह में केवल एक दिन स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों का इलाज करती हैं। इससे उपचार के लिए अन्य दिनों में पहुंचने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पीड़ितों का कहना है छह माह पूर्व डॉ. आइसा हुमा की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीबाजार में चिकित्सा अधिकारी के पद पर पदस्थापना हुई है। तब से वे सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को तीन घंटे गर्भवती महिलाओं की चेकअप व जांच के लिए आती हैं। क्षेत्र के गर्भवती महिलाएं एवं स्वास्थ संबधी पीड़ितों का कहना है कि वे चिकित्सा अधिकारी को नहीं पहचानते हैं। क्योंकि वे अपने कार्य स्थल में नहीं रहते हैं। लगभग 30 किलोमीटर दूर रहकर सप्ताह में एक दिन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं, जिस कारण चिकित्सा अधिकारी से मुलाकात नहीं हो पाती। अनुपस्थित होने के कारण मरीज सही इलाज नहीं करा पाते। यही कारण है कि इलाज के लिए दूसरे जगह जाना पड़ता है। विभाग को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीबाजार की चिकित्सा अधिकारी आइसा हुमा का कहना है कि निवास स्थान से कार्य क्षेत्र तक जाने के लिए दो घंटे लग जाता है। रास्ता जाम रहता है। उनके छोटे बच्चे हैं, जिनका आए दिन स्वास्थ्य खराब रहता है। उन्होंने मांग की है कि उसे नजदीक में किसी स्वास्थ्य केंद्र में रखा जाए। जिला चिकित्सा अधिकारी ने गोपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उनकी पदस्थापना दी है, जहां सप्ताह में चार दिन रहकर मरीजों की सेवा कर रही है। बाकी दो दिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीबाजार में मरीजों को सेवा देना है। उन्होंने कहा कि वे शुक्रवार तक आ रही थी, अब शनिवार को भी स्वास्थ्य केंद्र में रहकर मरीजों का सेवा करेंगी।

Spread the word