March 17, 2026

मुख्य मार्ग पर निर्माण सामग्री कर दिया है डंप, हादसे का खतरा

कोरबा। नगर निगम ने मुख्य मार्गों पर जलजमाव नहीं हो और बारिश का पानी नाली के माध्यम से आसानी से निकासी हो सके। इसके लिए पुराना बस स्टैंड, ओवरब्रिज के नीचे, सर्वमंगला रोड, टीपी नगर से सीएएसईबी चौक पर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। यह काम ठेेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा है। इसमें ठेकेदार लापरवाही बरत रहे हैं। निर्माण के लिए रेत, गिट्टी सहित अन्य निर्माण सामग्री को बीच सड़क पर डंप कर दिया है। इससे हादसे का खतरा बना है और जाम भी लग रहा है।
बारिश से पहले पानी निकासी को लेकर मुख्य मार्गों पर नाली निर्माण का काम शुरू किया गया है। निर्माण कार्य जारी है, लेकिन ठेकेदारों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मुख्य मार्ग पर निर्माण सामग्री डंप कर दिया गया है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। एनजीटी की गाइड लाइन का पालन निगम द्वारा नहीं कराया जा रहा है। इससे ठेकेदार मनमाना तरीके से काम कर लोगों के लिए समस्या पैदा कर रहा है। इसके अलावा मिक्चर मशीन को भी खड़ी कर दिया गया है। सड़क को घेर लिया गया है। इस कारण मुख्य मार्ग काफी संकरा हो गया है। रेत और गिट्टी सड़क पर बिखर रही है। रेत और गिट्टी में वाहनों के पहिए फंस रहे हैं। मार्ग से बड़ी मुश्किल से चार पहिया वाहन गुजर रही है। इस कारण लोगों का आवाजाही मुश्किल हो गया है, जबकि यह मार्ग सबसे व्यस्ततम मार्ग है। इससे एक तरफ जहां जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। वहीं दूसरी तरफ दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
सबसे अधिक परेशानी शाम के बाद होती है। इसे लेकर मार्ग से आवाजाही करने वालों में नाराजगी है। इसके बाद भी इस पर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। पूर्व में नगर निगम की ओर से निर्माण कार्यों को लेकर एनजीटी की एक गाइड लाइन का हवाला दिया गया था। इसमें बताया गया था कि निर्माण कार्य स्थल पर ठेकेदार या मालिक की ओर से धूल की रोकथाम को लेकर जरूरी सभी कदम उठाए जाएंगे अन्यथा उसके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन निगम की नाली का निर्माण कर रहा ठेकेदार नियम कायदों को ताक पर रखकर काम कर रहा है। धूल की रोकथाम को लेकर कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसके विपरित जाकर ठेकेदार ने गिट्टी और रेत को रख दिया है। गाड़ियों के चलने से रेत हवा में उड़कर लोगों की आंखों में समा रही है। इससे राहगीर परेशान हैं। निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।

ranjan photo
Admin

Spread the word